
जमशेदपुर / आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिला के आदित्यपुर स्थित जियाडा भवन में सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों ने उद्यमी सह अध्यक्ष अशोक भालोटिया के नेतृत्व में रीजनल डायरेक्टर प्रेम रंजन से मुलाकात कर जियाडा के नियंत्रण क्षेत्र स्थित आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया एवं नवसृजित दुगनी इंडस्ट्रियल एरिया के उद्यमियों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया. चैम्बर प्रतिनिधियों ने पूरे आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया में पाइपलाइन और सीवरेज ड्रेनेज के लिए खोदे गए गड्ढों के कारण उद्यमियों को हो रहे परेशानी से भी अवगत कराया. साथ ही सभी स्ट्रीट लाइट को जल्द से जल्द दुरुस्त कराए जाने की मांग की. वहीं दुगनी में नवसृजित इंडस्ट्रियल एरिया में सड़कों के नहीं होने से उद्यमियों को परेशानी होने की बात कही. इन्होंने रीजनल डायरेक्टर से आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया से होकर गुजरने वाली सड़कों से सटे सर्विस रोड पर बाहरी गाड़ियों के पार्किंग के कारण लगनेवाले जाम और सर्विस रोड में हो रहे अतिक्रमण से निजात दिलाने की मांग करते हुए बाहरी गाड़ियों के लिए पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराए जाने की मांग की वही रीजनल डायरेक्टर प्रेम रंजन ने उद्यमियों की मांग पर संबंधित विभागों के अधिकारियों से वार्ता कर जल्द से जल्द समाधान दिलाने का भरोसा दिलाया.












