
जमशेदपुर : जमशेदपुर के आज़ाद नगर थाना क्षेत्र में सोना, चांदी के दुकानदार द्वारा दर्जनों लोगो से सोना, चांदी की ठगी किये जाने की शिकायत प्रकाश में आयी है. भुक्तभोगी दर्जनो महिलाओं के साथ कांग्रेस नेता अंसार खान जिला पुलिस कप्तान के पास पहुंचे और संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. उन्होंने बताया कि आज़ादनगर, मानगो और साकची में एक ही परिवार के लोगो ने सोना, चांदी की दुकान खोल रखी है. वहां गरीब-मजबूर आम लोगों को सोना-चांदी बंधक रख बदले में नगद रुपया देने वाले दुकानदार रातों-रात दुकान, मकान बेच कर फरार हो गये हैं. इससे लेन-देन करने वाली महिलाओं में हड़कंप मच गया है. मामला ओल्ड पुरुलिया रोड का बताया जाता है. उन्होंने एक स्वर्णकार के नाम की चर्चा करते हुए बताया कि वह अपने क्षेत्र में महिलाओं का गहना बंधक रख नगद रुपये और इसी तरह कई महिलाओं से काई तरह का व्यपार कर अचानक दुकान-मकान बेच फरार हैं. इस संबंध में आजाद नगर थाना में मामला दर्ज कराया गया है, मगर अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है. इसके बाद आज कांग्रेस नेता के साथ भुक्तभोगी महिलाएं जिला पुलिस कप्तान के पास पहुंचीं और अपने गहनों की रिकवरी के लिए गुहार लगाई. उन्होंने कहा कि जल्द उस स्वर्णकार का गिरफ्तारी हो, उनके आभूषण वापस मिल सकें.













