
जमशेदपुर : दिल्ली के ओखला विधायक सह दिल्ली वक्फ बोर्ड के चेयरमैन अमानतुल्लाह खान के खिलाफ हिंदुओं की धार्मिक भावना को आहत किए जाने का आरोप लगाते हुए हिंदू जागरण समिति जमशेदपुर इकाई की ओर से साइबर थाना में मामला दर्ज कराया गया है. इस संबंध में हिंदू जागरण मंच के जिला महामंत्री पप्पू उपाध्याय ने अमानतुल्लाह खान के ट्विटर हैंडल से संत यती नरसिंहानंद सरस्वती के खिलाफ आपत्तिजनक ट्वीट किए जाने का आरोप लगाया है. उन्होंने साइबर थाने में दर्ज करायी गयी शिकायत के आधार पर बताया कि स्वामी जी की छवि को धूमिल करने का काम एक खास समुदाय के जनप्रतिनिधि द्वारा किया जाना बेहद ही निंदनीय है. साथ ही जमशेदपुर के असामाजिक तत्वों द्वारा स्वामी जी की अश्लील तस्वीरों की पोस्टरबाजी की गई है जो बेहद ही गंभीर मामला है. सभी को चिन्हित करते हुए कार्रवाई किए जाने की मांग की गयी है. साथ ही चेतावनी दी गयी है कि अगर ऐसे विधायकों की विधायकी निरस्त नहीं की जाती है, तो राष्ट्रपति के पास भी गुहार लगाई जाएगी.











