
जमशेदपुर: भारत रत्न बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के 130वीं जयंती पर पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने उन्हें याद करते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात किए जाने की बात कही. पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया, कि बाबा साहब अंबेडकर हर वर्ग के शोषित और वंचित को शिक्षित होने की बात करते थे. उनकी जयंती पर देशवासी उन्हें नमन कर रहा है. वहीं पूर्व मुख्यमंत्री ने झारखंड सरकार को कोरोना के खिलाफ जारी जंग में पूरी तरह से विफल बताते हुए झारखंड सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने बताया, कि 16 महीने की सरकार अब तक कोरोना त्रासदी से निपटने में नाकाम रही है. मंत्री बन्ना गुप्ता के सामने राजधानी रांची में इलाज के अभाव में हुए मरीज की मौत पर झारखंड सरकार को आड़े हाथ लिया है. वही मधुपुर उपचुनाव को लेकर उन्होंने बताया, कि पूरी सरकार और सरकारी मशीनरी मधुपुर उपचुनाव में व्यस्त है, जबकि राज्य की सवा तीन करोड़ जनता त्राहिमाम कर रही है. उन्होंने आम लोगों से सरकार से उम्मीद छोड़ अपनी सुरक्षा खुद करते हुए कोरोना गाइडलाइन के नियमों का पालन करने की अपील की. ताकि इंसानी जान- माल का कम से कम नुकसान हो.
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ने बाबा साहेब को किया याद

इधर जमशेदपुर में भी भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा की ओर से बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया. इस मौके पर अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष ने बताया, कि बाबा साहब अंबेडकर के कारण आज दबे- कुचले और वंचित वर्ग के लोगों को न्याय मिल रहा है. बाबा साहब अंबेडकर सामाजिक न्याय के पक्षधर थे. उन्होंने भाजपा परिवार की ओर से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित किए जाने की बात कही.
सामाजिक सेवा संघ ने बाबा साहेब की 130वीं जयंती मनायी

सामाजिक सेवा संघ कार्यालय राहरगोड़ा में संविधान निर्माता बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की 130वी जयंती मनाई गई. उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया. आज बाबा साहब की देन है कि लोग समाज में उठ बैठ रहे हैं. जाति की वर्ण व्यवस्था को अलग रखकर समाज के लोगों को एक वर्ग में जोड़ने का काम किया है. सभी वर्ग के लोगों को शिक्षा देने का काम और निचले वर्ग के लोगों को समाज से ऊंचा उठाने का काम अंबेडकर ने किया है. इस अवसर पर राजेश सामंत,भूपति सरदार,मोहन भगत, मीरा शर्मा,सोनू श्रीवास्तव,लखन सामड,ज्योति पूर्ति, लीली हेंब्रम,बबलू मुर्मू,पंकज मुंडा, शैलेश आदि मौजूद रहे











