आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत मिरूडीह साप्ताहिक हाट में रविवार देर शाम एक महिला पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. हमले में गंभीर रूप से घायल महिला की टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतका की पहचान 32 वर्षीय राधिका सावेया, पति गुलशन सावेया, निवासी गोविंदपुर, राजनगर थाना क्षेत्र के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, रविवार शाम मिरूडीह साप्ताहिक हाट में महिला खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली. स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. (नीचे देखे पूरी खबर)

सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को गंगोत्री नर्सिंग होम पहुंचाया। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे टीएमएच रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया. फिलहाल, महिला पर हमला किसने और किस वजह से किया, इसका खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस हाट में मौजूद लोगों से पूछताछ कर हमलावर की पहचान करने में जुटी है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि राधिका, राजनगर के गोविंदपुर से मिरूडीह हाट किसके साथ पहुंची थी और घटना से पहले किन लोगों के संपर्क में थी. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.












