
जमशेदपुर : रामनवमी का त्योहार जमशेदपुर व आसपास के हिस्सों में उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है. रामनवमी के अवसर पर बुधवार को शहर व आसपास के हिस्सों में स्थित विभिन्न अखाड़ों में नवमी पूजन का कार्यक्रम हुआ. नवमी पूजन के साथ ही शस्त्र और झंडा पूजन भी हुआ. वैदिक मंत्रोच्चारण से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा. इस दौरान डंका तासा की गड़गड़ाहट से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा. इस दौरान जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा क्षेत्र राममय हो गया. वहीं पूजा के दौरान कोरोना के खतरे को ध्यान में रखते हुए मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग आदि का पालन किया गया.

राहड़गोडा शिव काली मंदिर दुर्गा पूजा कमेटी में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी कोरोना काल में लॉकडाउन का पालन करते हुए रामनवमी झंडा पूजन संपन्न किया गया, जिसमें पूजा कमेटी के राजेश सामंत, राकेश सिंह, राजू प्रसाद, विनय सिंह, अशोक यादव, सोनू श्रीवास्तव, माधव शर्मा, मनीष भगत, राजेश सिंह, अजय कुमार आदि मौजूद रहे. दूसरी ओर श्रीश्री हनुमान मंदिर अखाड़ा समिति खड़ंगाझार टेल्को में 50 वर्ष पूरे होने की खुशी में धूमधाम से ध्वज पूजन किया गया. अखाड़ा के अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह एवं महासचिव दीपक झा के द्वारा विशेष पूजा-अर्चना करके प्रभु श्रीराम और हनुमान जी से प्रार्थना की गयी कि कोरोना महामारी से संसार को मुक्ति दिलायें.













