
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना अंतर्गत छप्पन भोग के पास स्थित वॉक एंड टॉक नामक मोबाइल दुकान में बीती रात अचानक आग लग गई. आग लगने की सूचना स्थानीय लोगों ने दुकान के मलिक मनिंदर भाटिया को दी. सूचना पाकर मनिंदर दुकान पहुंचे और किसी तरह स्थानीय लोगों की मदद से दुकान में रखा समान बाहर निकालने लगे. इधर आग लगने की सूचना पाकर झारखंड अग्निशमन विभाग का एक दमकल मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाने की कोशिश की. लगभग आधा घंटा कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया. हालांकि घटना के बाद दुकान में मौजूद लाखों का सामान जलकर खाक हो गया. मामले के संबंध में दुकान के संचालक मनिंदर भाटिया ने बताया कि उनका मकान दुकान के बगल में ही है. दुकान बंद करने के बाद शॉर्ट सर्किट से दुकान में पहले आग लगी. उन्होंने आग बुझाई और वापस घर चले गए. थोड़ी देर बाद उन्हें सूचना मिली की दुकान से धुआं निकल वहा है, वह तत्काल मौके पर पहुंचे और दुकान का शटर उठाया. उन्होंने देखा की आग पूरी दुकान में फैल चुकी है. किसी तरह आग पर काबू पाया. फिलहाल मनिंदर आग से हुए नुकसान का आकलन कर रहे है. उनके अनुसार लाखों का नुकसान हुआ है.














