
जमशेदपुर: शहर में बीते दो दिनों से गर्मी ने हाल बेहाल कर रखा था. सुबह से ही चिलचिलाती धूप के साथ दोपहर तीन बजे तक शहर का अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री रही. वहीं न्यूनतम तापमान 26.8 दर्ज की गई. हालांकि दोपहर तीन बजे के बाद मौसम ने करवट ली. धीरे धीरे बादलों ने सूरज की तपिश को कम किया और देखते ही देखते तेज़ आंधी बारिश शुरू हो गई. बारिश के बीच ही अचानक बड़े बड़े ओले पड़ने शुरू हो गए. सड़कों पर मौजूद लोग इधर उधर भागने लगे. शहर के मानगो, साकची, बिष्टुपुर, कदमा, सोनारी और टेल्को जैसे इलाकों में तेज़ बारिश के साथ ओले गिरे. इसके साथ ही मौसम खुशनुमा हो गया. कई इलाकों में पेड़ गिरने की भी सूचना है. हालांकि ओले पड़ने से जान माल का नुकसान नही हुई है. बारिश के बाद अधिकतम तापमान में कमी दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी बारिश होने के संभावना जताई जा रही है.





