
जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना अंतर्गत एनएच 33 स्थित शहरबेड़ा के पास सोमवार की रात एक ट्रेलर और टाटा मैजिक में जोरदार टक्कर हो गई. इस घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतकों में टाटा मैजिक का चालक और एक महिला शामिल है. इधर घटना की सूचना पाकर चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा. चांडिल थाना प्रभारी सनोज ने बताया कि ट्रेलर चांडिल की ओर से जमशेदपुर की तरफ जा रही थी जबकि टाटा मैजिक जमशेदपुर से चांडिल की ओर जा रही थी. शहरबेड़ा के पास बने एलिफेंट कॉरिडोर के पास दोनो की आमने सामने टक्कर हो गई. जिसमे दो लोगों की मौत हो गई. इधर घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को टाटा मैजिक से बाहर निकाला. इस घटना के बाद हाईवे पर भी लंबा जाम लग गया है. मिली जानकारी के अनुसार सभी चांडिल के तिरुलडीह के रहने वाले है. सभी टाटा मैजिक में सवार होकर सोनारी स्थित रिश्तेदार के घर पर शादी समारोह में शामिल होने आए थे. फिलहाल पुलिस सभी मृतकों और घायलों के पहचान में जुट गई है. घायलों में बुधनी देवी, अमित कुमार, समित कुमार, धनंजय कुमार, पिंकी कुमारी, कार्तिक कुंभकार, संगीता कुमारी, नेहा कुमारी और एक अन्य शामिल हैं.











