
जमशेदपुर : जमशेदपुर के लोगों की सेवा के लिए टाटा स्टील पर दबाव बढ़ाया गया है. भाजपा नेता और खादी बोर्ड के पूर्व सदस्य कुलवंत सिंह बंटी ने अपने ट्विटर हैंडल से कंपनी को झकझोरा है. उन्होंने अपने ट्विट के माध्यम से कहा है कि टाटा ग्रुप द्वारा इस कोरोना काल में विभिन्न तरह से पूरे भारत सहित जमशेदपुर के भी लोगों की मदद की. इसके लिए धन्यवाद देते हैं. कुलवंत सिंह बंटी ने टाटा स्टील को ट्वीट करते हुए कहा कि कोरोना की पहली लहर में टाटा स्टील फाउंडेशन के माध्यम से लाखों लोगों को खाना खिलाया गया और हजारों लोगों को सूखा राशन का पैकेट बांटा गया. कोरोना महामारी की दूसरी लहर में दिहाड़ी मजदूरों एवं फुटपाथी दुकानदारों को सूखे राशन की आवश्यकता है. टाटा स्टील से आग्रह किया गया है कि पिछली बार की तरह उनकी मदद की जाए. जमशेदपुर में बहुत सारे परिवार ऐसे हैं, जो प्रतिदिन कमाते हैं और खाते हैं, जिनमें ठेले वाले, रिक्शा वाले, ऑटो रिक्शा चलाने वाले, फेरीवाले, दिहाड़ी मजदूर, कुष्ठ आश्रम में रहने वाले तथा प्रतिदिन मांग कर खाने वाले लोगों पर इसका ज्यादा असर पड़ा है. यही कारण है कि कुलवंत सिंह बंटी ने टाटा स्टील से आग्रह किया है कि यह सेवा को फिर से शुरू की जाये. इनके इस डिमांड का सपोर्ट कई सारे लोगों ने भी किया है.











