
पलामू : वैश्विक महामारी कोरोना के इस भीषण संकट के दौर में जब सारी सरकारी व्यवस्था दम तोड़ती हुई नजर आ रही हैं, ऐसे में जो लोग इलाज कराने में सक्षम नहीं हैं या जिन लोगों तक मदद नहीं पहुंच पा रही है, ऐसे जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए इंडियन रोटी बैंक पलामू खड़ा है। ये बातें इंडियन रोटी बैंक के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य साहेब सिंह नामधारी ने ज़रूरतमंदों के बीच कोरोना मेडिकल किट, सैनिटाइजर और वैपोराइजर वितरित करते हुए कही। इंडियन रोटी बैंक द्वारा सदर प्रखंड के लहलहे, पोलपोल, सुआ, कोड़िया और चियांकी पंचायत के सैंकड़ों ज़रूरतमंदों के बीच कोरोना मेडिकल किट, सैनिटाइजर और वैपोराइजर का वितरण किया गया। सदर प्रखंड के इन पंचायतों में सबसे पिछड़े इलाकों, जहां अबतक न तो कोई सरकारी मदद पहुंची है और न ही किसी सामाजिक संगठन द्वारा मदद पहुंचाई गई। इन गांवों में जरूरतमंद लोगों के बीच न सिर्फ कोरोना से बचाव के लिए सामान का वितरण किया गया है, बल्कि लोगों में कोरोना के बारे में फैली भ्रांतियों को मिटाने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया गया। (नीचे भी पढ़ें)
इस मौके पर इंडियन रोटी बैंक के झारखंड समन्वयक सह कांग्रेस के विश्रामपुर विधानसभा प्रभारी दीपक तिवारी ने कहा कि आज की परिस्थिति में जितनी आवश्यकता लोगो के मदद करने की है, उतना ही जरूरी है कोरोना के बारे में लोगों में फैली भ्रांतियों को दूर करने की है। इसीलिए इंडियन रोटी बैंक द्वारा जन जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। दीपक तिवारी ने कहा कि वैक्सीन को लेकर भी लोगों के बीच तरह-तरह की गलतफहमियां हैं। इंडियन रोटी बैंक लोगों को यह बता रहा है कि वैक्सीन कोरोना से बचाव के लिए अति आवश्यक है। इसलिए आप सभी लोग बेहिचक वैक्सीन लें, जिससे कोरोना जैसी गंभीर बीमारी से बचाव हो सके। (नीचे भी पढ़ें)
दीपक तिवारी ने कहा कि इस वैश्विक आपदा में जरूरतमंद लोगों को जिन चीजों की भी आवश्यकता होगी, इंडियन रोटी बैंक उनकी मदद करने को हर वक्त तैयार है। यह वक्त ईमानदारी से बिना किसी लाभ-हानि की भावना से लोगों को मदद करने का है। इसमें जो भी लोग जो भी मदद कर सकते हैं, वे अपनी स्वेच्छा से आगे आएं। वितरण कार्यक्रम में दिल्ली के भाजपा सांसद मनोज तिवारी के निजी सचिव देवेश तिवारी लहलहे स्थित अपने गांव में इंडियन रोटी बैंक के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहे हैं। देवेश ने कहा कि इंडियन रोटी बैंक के दीपक तिवारी द्वारा बहुत ही नेक काम किया जा रहा है। इस नेक काम में मुझसे जो मदद हो पाएगा, अवश्य करूंगा। कार्यक्रम में परवेज अख्तर, मनीष यादव, सुभाष कुमार सहित इंडियन रोटी बैक के कई सदस्य उपस्थित थे।




