
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम की 26 मार्च को सम्पन्न बोर्ड बैठक में पेयजलापूर्ति को लेकर अहम निर्णय लिया गया था, जिसमें फरवरी से पीने के पानी के लिए तरस रही करीब ढाई लाख आबादी को 22 टैंकरों से पानी पिलाया जाएगा, लेकिन यह दावा 2 माह बीत जाने के बाद भी खोखला साबित हुआ है. आज भी महज 7 टैंकर से जलापूर्ति हो रही है जो पूरी आबादी के लिए बहुत थोड़ा है. लोग पीने के पानी को तरस रहे हैं। जहां कहीं भी टैंकर भेजे जाते हैं वहां मुहल्ले के लोग पानी लेने घरों से टूट पड़ते हैं. बड़े अपार्टमेंट्स में प्राइवेट एजेंसियों के टैंकर से जलापूर्ति हो रही है. बोर्ड के इस निर्णय पर सवाल उठाते हुए सामाजिक संस्था जन कल्याण मोर्चा ने कहा है, कि नगर निगम बोर्ड बैठक में जनहित में लिए गए इस निर्णय से लोगों के दिलों में आशा की किरण जगी थी, लेकिन इस ओर निगम ने कोई ठोस कदम उठाया ही नहीं. यहां भूजल स्तर काफी नीचे चला गया है, लोग पीने के पानी को तरस रहे हैं. पाइप लाइन जलापूर्ति का लाभ महज 8 हजार परिवारों को मिलता है, जबकि आबादी 56 हजार परिवारों की है. वहीं इस संबंध में आदित्यपुर नगर निगम के अपर नगर आयुक्त गिरजा शंकर प्रसाद ने बताया कि गर्मी में जल संकट को देखते हुए बोर्ड बैठक में जो निर्णय लिए गए थे वो इसलिए सफलीभूत नहीं हो सके क्योंकि यहां काम कर रही एजेंसियों ने टैंकर उपलब्ध नहीं करवाए. केवल सापुरजी ने 2 टैंकर दिए जिसकी वजह से वर्तमान में 10 टैंकर से जलापूर्ति हो रही है. जहां से भी फोन आता है या पार्षद अनुशंसा करते हैं वहां टैंकर भेजे जाते हैं.














