
सरायकेला : संभावित चक्रवातीय तूफान यास के खतरे को देखते हुए सरायकेला- खरसावां पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है. जिले के उपायुक्त के निर्देश के बाद सभी संभावित प्रभावित निकायों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने एवं हर चुनौतियों से निपटने का निर्देश जारी किया गया है. इधर जिले के एसपी एम अर्शी एवं एसडीपीओ राकेश रंजन ने मंगलवार को गम्हरिया, अदित्यपुर एवं आरआईटी थाना क्षेत्र के तटीय इलाकों का दौरा किया. एवं जरूरतमंदों के बीच पानी दूध एवं बिस्किट का वितरण कर सभी से सुरक्षित स्थानों पर चले जाने का अनुरोध किया. एसपी ने बताया कि मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट के अनुसार बंगाल की खाड़ी से उठने वाले चक्रवात का असर सराय किला खरसावां जिले में भी पड़ने की संभावना है इससे आम लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की जिम्मेवारी प्रशासन के साथ जिला पुलिस की भी है. सभी थानों को अलर्ट मोड पर रखा गया है. एवं राहत एवं बचाव कार्य के लिए मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया है. इस दौरान कांड्रा, गम्हरिया, आदित्यपुर एवं आरआईटी के थाना प्रभारी भी मौजूद रहे. उधर सरायकेला मुख्यालय से सटे तटीय इलाके मांझना घाट, नया पुल एवं जगन्नाथ घाट के तटीय इलाकों में बीडीओ, सीओ एवं थाना प्रभारी के साथ नगर पंचायत के विशेष पदाधिकारी ने दौरा कर तटीय इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर चले जाने की अपील की. सरायकेला नगर पंचायत की ओर से टाउन हॉल में राहत शिविर बनाए गए हैं. जहां एक हजार लोगों के खाने- पीने का प्रबंध किया गया है. इस दौरान बीडीओ मृत्युंजय कुमार, सीओ राकेश कुमार सिन्हा, थाना प्रभारी मनोहर कुमार ने आम लोगों से किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए सजग रहने की अपील की.













