
जमशेदपुर : भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान आदित्यपुर स्थित 111 सेव लाईफ अस्पताल का बंद होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है. देश में जहां नये अस्पताल खोले जा रहे हैं, वहीं झारखंड में अस्पतालों का बंद होना काफी चिन्ताजनक है. निजी अस्पताल सरकारी दिशा-निर्देशों के तहत मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराये, यह सुनिश्चित करना सरकार का दायित्व है, परन्तु मंत्री एवं अधिकारियों पर अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करने पर अस्पताल के संचालक पर थाने में गैर जमानती मुकदमा दायर करना सरकार के तानाशाही रवैये को ही दर्शाया है. एक तरफ सम्पूर्ण देश डाक्टरों को कोरोना वारियर के रूप में सम्मानित कर रहा है, वहीं प्रशासन द्वारा रात के अन्धेरे में डॉ ओपी आनंद को गिरफ्तार करना अत्यंत निन्दनीय है. डॉ गोस्वामी ने मुख्यमंत्री से 111 सेव लाईफ अस्पताल के संचालक डॉ ओपी आनंद द्वारा सरकार के मंत्री एवं अधिकारियों पर लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है. डॉ गोस्वामी ने कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के प्रयास से राज्य में कई प्रतिष्ठित सुपरस्पेश्लिटी अस्पताल प्रारंभ हुए. कोरोना महामारी के दौरान कई निजी अस्पतालों ने महत्वपूर्ण सेवाएं दी. रांची स्थित मेडिका अस्पताल में तो राज्यपाल, मंत्री, विधायक तथा विशिष्ट तथा सामान्य लोगों को बेहतर उपचार मिला, परन्तु गठबंधन सरकार बनते ही जमशेदपुर स्थित मेडिका अस्पताल बंद हो गया. मेडिका अस्पताल बंद होने से जमशेदपुर तथा आसपास के लोगों को उत्कृष्ट दर्जे के स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित होना पड़ा है. डॉ गोस्वामी ने कहा कि अस्पतालों के बंद होने से राज्य की साख गिरी है. उन्होंने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की जरूरत है. राज्य के विभिन्न स्थानों पर डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की कमी के कारण अनेक स्वास्थ्य उपकेन्द्र बंद पड़े हैं. डॉ गोस्वामी ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी तथा विस्तार के लिए कदम उठाने का आग्रह किया है तथा बंद पड़े अस्पतालों को अविलंब खोलने का आग्रह किया है.














