
जमशेदपुर : भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के कार्यकर्ता अपनी नियमित गतिविधियों को बनाये रखते हुए लोगों की जीवन रक्षा से जुड़े हुए हैं. आज रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के प्लाज्मा एवं एसडीपी डोनेशन प्रभारी प्रभुनाथ सिंह की प्रेरणा से एक जरूरतमंद के लिए रवि भूषण शर्मा ने छठी बार सिंगल डोनर प्लेटलेट (एसडीपी) का दान किया. रवि भूषण शर्मा ने इस पुनित कार्य के लिए अपने मामा प्रभुनाथ सिंह के प्रति आभार जताते हुए कहा कि 18 बार रक्तदान करने के पश्चात अब जरूरतमंदों के लिए छह बार अपना प्लेटलेट दान कर चुका हूं, जिसके लिए प्रभुनाथ सिंह ने प्रेरित किया, उन्होने कहा कि मुझे खुशी है मेरे सिंगल डोनर प्लेटलेट का दान करने से प्लेटलेट की कमी से जूझ रहे लोगों को नया जीवन मिलता है.

तूफान को लेकर रेड क्रास सोसाइटी अलर्ट
यास चक्रवाती तुफान को लेकर रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम ने तैयारी पूरी कर ली है, ताकि जरूरतमंदों को सहायता उपलब्ध हो सके. आज रेड क्रॉस भवन, साकची में तीन एम्बुलेंस को फर्स्ट एड किट के साथ आवश्यक लाईफव्वाय जैकेट, रिंग, डंडा एवं रस्सी के साथ रेस्कयू टीम को सुपूर्द कर दिया गया. रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह के दिशा निर्देश में डिमना स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, सुन्दरनगर स्थित रेड क्रॉस के प्रबंध समिति सदस्य अरुण अग्रवाल तथा साकची रेड क्रॉस भवन में एम्बुलेंस की तैनाती कर दी गयी है, ताकि जरूरतमंद लोगों को इसके माध्यम से मदद दी जा सके.
रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने जिला के नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अत्याधिक सतर्कता के साथ इस तूफान का सामना करें, क्योंकि सिर्फ हवा, पानी ही नहीं आसमानी बिजली का खतरा भी इसके साथ जुड़ा हुआ है. उन्होने कहा कि वे परिवार जिनका आशियाना इस आंधी पानी को झेलने लायक नहीं है, वे अपने और अपने परिवार के जीवन को सुरक्षित करने के लिए आसपास के सामुदायिक केन्द्र एवं स्कूल की शरण लें. गर्मी के पश्चात पानी पड़ने से उमस के कारण जमीन से सांप बिच्छु के निकलने का खतरा भी है, इसलिए इन सभी का भी ध्यान रखेंगे. बारिश में फंसने पर घर जाने की हड़बड़ी से उचित है सुरक्षित जगह पर रुक जाना, कभी भी ऐसे पेड़ के नीचे नहीं छुपेंगे जो उस स्थान का एकमात्र बड़ा पेड़ हो, क्योंकि ऐसी जगह पर बिजली गिरने का सबसे ज्यादा खतरा होता है. धातु के सामान का उपयोग पानी गिरते समय खुले में नहीं करेंगे. बिजली के यंत्र का सुरक्षित उपयोग करेंगे, खुले तार, पानी से सम्पर्क वाले बिजली के तार से अपने को बचायेंगे. जरूरी कागजात को यथा आधार कार्ड, वोटर कार्ड, बैंक से सम्बन्धित या अन्य आवश्यक कागजों को अच्छे से प्लास्टिक में सुरक्षित कर उसे सुरक्षित ऊंचा स्थान पर लॉक कर रखेंगे. नीचे स्थान पर या बुड़ा-बाढ़ क्षेत्र के पशुपालक अपने जानवरों की जीवन रक्षा का ध्यान देंगे, पानी बढ़ने पर जानवरों को ऊंचे स्थान पर लायेंगे या खुला कर देंगे, ऐसा न हो कि पानी बढ़ने पर जानवर बंधा रहे और दुर्घटना हो. उन्होने रेड क्रॉस कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया है कि वे अपने आस पास के लोगों की हर संभव मदद को तत्पर रहें ताकि किसी तरह के जानमाल के नुकसान से बचा जा सके.














