
पलामू : संयुक्त किसान आंदोलन एवं संयुक्त ट्रेड यूनियन के आवाहन पर पूरे देश में मोदी सरकार के 7 साल एवं किसान आंदोलन के 6 माह के पूरे होने पर काला दिवस मनाया गया। इसी के तहत भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के पलामू जिला सचिव के आवास पर कोविड-19 के गाइडलाइन को मानते हुए काला झंडा के साथ धरना दिया गया। आज इस अवसर पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य कार्यकारिणी सदस्य सह पलामू जिला किसान सभा के जिला अध्यक्ष सूर्यपत सिंह ने कहा कि 7 साल पूर्व नरेंर्द मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से ही कॉरपोरेट पक्ष के लोग मजदूर विरोधी, श्रम कानून में संशोधन करने की बात करने लगे, और आज लोकसभा एवं राज्यसभा में ऐन केन प्रकारेण बहुमत लेकर एवं बिना मत विभाजन कराएं तानाशाही रूप में तीनों काला कृषि कानून एवं श्रम सुधार कानून को बना कर किसान एवं मजदूरों को कारपोरेट घरानों का गुलाम बना दिया। जिसके खिलाफ आज पूरे देश के किसान एवं मजदूर काला दिवस मना रहे हैं। धरना को भाकपा जिला सचिव रूचिर कुमार तिवारी, पलामू जिला किसान सभा के जिला सचिव जितेंद्र सिंह व अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया. धरना में नगर सचिव सुरेश ठाकुर, ललन कुमार सिन्हा, आलोक तिवारी, अखिल भारतीय नौजवान संघ के उपाध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी, बबन राम, रितेश कुमार सहित कई लोग शामिल हुए।












