
जमशेदपुर : गुरु गोविंद सिंह की जन्मस्थली तख्त श्री हरमंदिर साहिब के जत्थेदार ज्ञानी रंजीत सिंह गौहर ए मसकीन को धार्मिक सहिष्णुता एवं शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें पश्चिम एशिया की अंतर्राष्ट्रीय संस्था ह्यूमनटेरियन एंड इंटरनेशनल फोरम द्वारा शनिवार को अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस के अवसर पर दिया गया। संस्था के डॉ शीमा अल्सयद एवं डॉ अनवर ससा के अनुसार जत्थेदार रणजीत सिंह गौहर ए मसकीन अपनी कला, साहित्य, संस्कृति एवं धार्मिक माध्यम से मानवीय सहिष्णुता की भावना को मजबूती प्रदान करते रहे हैं। जत्थेदार को यह सम्मान यमन के डॉ अब्दुल घनी अल अब्राह द्वारा प्रदान किया गया। (नीचे भी पढ़ें)

डॉ अब्रह वर्ष 2021 के नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित हैं। वे खाड़ी एवं पश्चिम एशिया के आंतरिक एवं बाह्य शांति के लिए पूरे विश्व में पहचाने जाते हैं। जत्थेदार को पुरस्कार मिलने पर प्रधान अवतार सिंह हित एवं लौहनगरी निवासी तथा उपाध्यक्ष सरदार इंदरजीत सिंह ने इसे सिख सिद्धांत के सर्वकालिक प्रभाव का सम्मान बताया है। सरदार इंद्रजीत सिंह के अनुसार सिख गुरुओं एवं श्री गुरु ग्रंथ साहिब मानवीय कल्याण सहिष्णुता एकता पर जोर देता है। इसमें विभेद की रत्ती भर गुंजाइश नहीं है और यह मानव से मानव को सेवा एवं कल्याण के माध्यम से जोड़ता है। जत्थेदार अपनी रचनाओं कृति एवं वक्तव्य में हमेशा सहिष्णुता को ही जोर देते हैं।











