
जमशेदपुर : कोरोना का टीका शत-प्रतिशत सभी राज्यवासी को मिले इसी उद्देश्य से गुरुवार को जवाहरनगर रोड नंबर 14 में झारखंड मुक्ति मोर्चा युवा के केंद्रीय उपाध्यक्ष अकरम खान द्वारा विशेष टीकाकरण अभियान का शुरुआत की गयी. इस अभियान में लगभग अलग-अलग इलाकों से आए 45+ आयु वाले 30 लोगों को बस के माध्यम से धातकीडीह सेंटर मैदान स्थित वैक्सीनेशन सेंटर रवाना किया गया, जहां उन्हें टीका का पहला डोज दिया गया. बस में रवाना होने से पूर्व सभी को फूड पैकेट्स मुहैया कराए गए और फेस शिल्ड दिया गया. इसके बाद सामाजिक दूरी का पालन करते हुए सभी को रवाना किया गया. विशेष अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं अकरम खान ने हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया. श्री खान ने कहा कि राज्य सरकार ने शत-प्रतिशत कोरोना टीकाकरण का लक्ष्य रखा है और इसी में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हुए अलग-अलग क्षेत्रों से आये 30 लोगों को टीकाकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. यह अभियान लगातार चलता रहेगा. इसमें प्रशासन का भी भरपूर सहयोग मिला. उसके लिए प्रशासन का बहुत-बहुत आभार. कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष बब्बन राय ने कहा कि राज्य सरकार और झामुमो राज्य वासियों के पूर्ण टीकाकरण के प्रति समर्पित है. पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी लगातार इस अभियान को चलाएगी. शहर के कोने-कोने से जो भी लोग असहाय हैं उनको एकत्र कर वैक्सीनेशन सेंटर ले जाया जाएगा. इस दौरान झारखंड युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष बब्बन राय, उपाध्यक्ष जाकी अजमल सोनू, जावेद अख्तर समेत अन्य लोग उपस्थित थे.




