
जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना अंतर्गत एनएच 33 स्थित पिपला के चेक डैम में हाईटेंशन तार गिरने से तीन बच्चे और एक वृद्धा की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने एनएच जाम कर दिया. इधर सूचना पाकर सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट, डीएसपी पटमदा सुमित कुमार, एमजीएम थाना प्रभारी मिथलेश कुमार, उलीडीह थाना प्रभारी मेघनाथ मंडल, आजादनगर थाना प्रभारी नरेश सिन्हा, बिरसानगर थाना प्रभारी तरुण कुमार के अलावा क्यूआरटी की टीम मौके पर पहुंची और मोर्चा संभाला. ग्रामीण बिजली विभाग के अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े रहे. उन्होंने काफी देर तक हंगामा किया. ग्रामीणों ने पुलिस बल के साथ धक्का मुक्की भी की सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट द्वारा समझाने पर लगभग 2 घंटे के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम हटाया. इधर सांसद विद्युत वरण महतो ने मृतक के परिजनों को तत्काल 10–10 हजार रूपए सहयोग राशि प्रदान की. (नीचे भी पढ़ें)

हाईटेंशन तार में तीन जगह था जोड़, बिजली विभाग की लापरवाही से हुआ हादसा
ग्रामीणों ने बताया कि जो तार पानी में गिरा वह तीन जगह से जोड़ा गया था. बिजली विभाग से कई बार इसकी शिकायत की गई थी पर किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई थी. घटना से थोड़ी देर पहले ही गांव के कई लोग मौके पर नहाने आए थे. अगर इस वक्त तार गिरता तो एक बड़ा हादसा हो सकता था. सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि हेमंत सरकार मृतकों के परिजनों को 10–10 लाख रुपए मुआवजा दे और जहां कहीं भी इस तरह की लापरवाही दिखे वहां तत्काल बिजली के तार को अंडर ग्राउंड करे. बता दे कि पिपला के पास एक चेक डैम में हाई टेंशन तार गिर गया जिसमे नहा रहे तीन बच्चे और एक वृद्धा की मौत हो गई थी. मृतकों में विमल महतो (8), कमल महतो (10), रोहित महतो (12) और कुलो देवी महतो शामिल हैं.




