जमशेदपुर : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिला एनएसयूआई कमिटी की अध्यक्ष रोज तिर्की के आदेशानुसार एनएसयूआई पूर्वी सिंहभूम जिला कमिटी से 3 साल के लिय सात लोगों को निष्कासित कर दिया गया है. इन सात लोगों में कमल अग्रवाल, राज महतो, राहुल गिरी, आनंद सिंह, प्रशांत कुमार, लव कुमार, जयंतो प्रमाणिक शामिल है. इन लोगो पर आरोप है कि इन लोगों ने प्रोटोकॉल के विरुद्ध जाकर एनएसयूआई पूर्वी सिंहभूम की जिला अध्यक्ष रोज तिर्की के खिलाफ निजी बयानबाजी की और गुटबाजी की. इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम जिला एनएसयूआई कमिटी के ऑफिशियल ग्रुप में जयश्री राम के नारे लगाये और हिंदू धर्म के पक्ष में बातें की, जिसको देखते हुए उनको हटा दिया गया. रोज तिर्की ने बताया कि एनएसयूआई एवं कांग्रेस की विचारधारा धर्मनिरपेक्षता के आधार पर टिकी हुई है, यह कोई एक धर्म की पार्टी नहीं संगठन में ऐसे लोगो का बिल्कुल भी काम नहीं, जो ऐसी हरकत करते है. इन सबके अलावा सोशल मीडिया में लगातार ऐसी-ऐसी आपत्तिजनक बाते जिला अध्यक्ष के ऊपर लिखी जा रही थी कि जो जिला अध्यक्ष को दिमागी रूप से परेशान कर रही थी और जिला अध्यक्ष के ऊपर झूठा आरोप लगाया जा रहा था. उन्होंने एनएसयूआई पूर्वी सिंहभूम जिला कमिटी की एक अलग टीम बना दी, जिसको लेकर किसी से पूछा भी नहीं गया. इसको देखते हुए एनएसयूआई पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष द्वारा इन सभी लोगो को अभी से 3 साल तक के लिए एनएसयूआई पूर्वी सिंहभूम जिला कमिटी से निष्कासित कर दिया गया. इस कार्रवाई के बाद एनएसयूआइ में हड़कंप मच गया है और जिला अध्यक्ष का ही विरोध शुरू हो गया है.






