
रांची/जमशेदपुर : झारखंड की राजनीति में गुरुवार को उस वक्त हलचल मच गया था, जब झामुमो के बहरागोड़ा के विधायक समीर मोहंती और पोटका के झामुमो विधायक संजीव सरदार रांची के कचहरी चौक में सड़क निर्माण विभाग के चल रहे टेंडर स्थल के पास देखे गये थे. बताया जाता है कि उनके साथ और भी विधायक थे, लेकिन कैमरे पर सिर्फ ये दो विधायक ही दिखे थे. यहां जमशेदपुर से संबंधित दो सड़क का टेंडर का हार्ड कॉपी मंगाया गया था. दरअसल, नियम के तहत ऑनलाइन टेंडर डालने के बाद लोगों को हार्ड कॉपी भी डालना होता है. इसके तहत जमशेदपुर के पटमदा के मूचीडीह से आमटाड़ तक की सड़क के लिए दो करोड़ 9 लाख रुपये का टेंडर था. इसकी लंबाई 9.45 किलोमीटर की है. इसके लिए आदित्य कंस्ट्रक्शन, जेके इंफ्रास्ट्रक्चर, कुबेर कंस्ट्रक्शन और मेसर्स निरंजन कुमार ने ऑनलाइन टेंडर डाला था. इस दौरान गुरुवार को हार्ड कॉपी डाला जाना था, इस सड़क के लिए आदित्य कंस्ट्रक्शन ने 4 फीसदी बढ़ाकर टेंडर डाला तो जेके इंफ्रास्ट्रक्चर ने माइनस टेंडर डाल दिया तो स्वत: फाइनल हो चुका है कि आदित्य कंस्ट्रक्शन को ही यह काम दिया जायेगा. यह एरिया झामुमो के विधायक मंगल कालिंदी का है. चार में से दो ही हार्ड कॉपी क्यों जमा किया गया, यह सवाल उठना लाजिमी है. हार्ड कॉपी वहीं जमा हो रहा था, वहीं पर ये सारे विधायक दिखे थे. ये विधायक जिस गाड़ी में सवार होकर वहां गये थे, वह गाड़ी भी एक ठेकेदार की ही थी. इसके अलावा यहां बहरागोड़ा का टेंडर था जो जगन्नाथपुर से डारकुली तक की सड़क थी, जो कुल 6.425 किलोमीटर की लंबाई की सड़क है, जिसका टेंडर 2 करोड़ 26 लाख का था इस में भी दो ही कंपनी ने टेंडर डाला और यह टेंडर भी उस कंपनी को मिला, जो पटमदा की सड़क के लिए माइनस राशि भरकर टेंडर डाला था. यानी पटमदा और बहरागोड़ा में दो ठेकेदारों को एक-एक टेंडर दे दिया गया, जिसकी गाड़ी पर सवार होकर सारे लोग गये थे. इस सड़क के लिए आदित्य कंस्ट्रक्शन, जेके इंफ्रास्ट्रक्चर, काव्य इंटरप्राइजेज, कमर सिंघा ने टेंडर डाला था, लेकिन वहां दो ही कंपनी ने टेंडर डाला, जो चहेते थे.
सर्किट हाऊस में 5 फीसदी कमीशन पर तय हुआ है कोल्हान के जनप्रतिनिधियों का कमीशन
सूत्रों के मुताबिक, इस टेंडर में विधायक तो दिख गये थे, लेकिन ऐसा सारे टेंडर में ऐसा ही होता रहेगा. कोल्हान के लगभग सारे विधायकों के साथ ठेका कंपनियों की बैठक हुई है, जिसमें तय हुआ है कि जिनके इलाके में उक्त ठेका कंपनी एक और दूसरे नाम पर ठेका लेंगे, उसके बदले जनप्रतिनिधियों को 5 फीसदी कमीशन दिया जायेगा. यह कोल्हान के एक सर्किट हाऊस में तय हुआ.















