
जमशेदपुर: जमशेदपुर के सोनारी निवासी एक महिला को विदेशी डॉक्टर से शादी करने का सपना देखना काफी महंगा पड़ गया. इस मामले में फसकर महिला ने अपने 6.19 लाख रुपए गवा दिया. दरअसल ठग ने विदेशी डॉक्टर बन महिला के सामने शादी का प्रपोजल रखा और उसे अपने जाल में फसाते हुए महिला से लाखों रुपए ठग लिए.।जब महिला को ठगी का एहसास हुआ तो उसने बिष्टुपुर स्थित साइबर थाना में मामला दर्ज कराया. मिली जानकारी के अनुसार महिला शादीशुदा है और साल 2012 में देवघर में शादी होने के छह माह बाद ही वह पति से अलग हो गई थी. उसने साल 2018 में मेट्रीमोनियल साइट पर शादी के लिए अपना बायोडाटा डाला था. ठग ने उसका बायोडाटा देख विदेश में रहने वाला डॉ रिचर्ड बनकर पहले तो शादी का प्रस्ताव रखा. जब महिला उसके झांसे में आ गई तो उसने महिला को कुछ सामान भेजने की बात कही. कुछ दिन बाद ही उसे ठग ने कस्टम ऑफिसर बन बताया कि समान विदेश से आया है इसलिए उन्हें छुड़ाने के लिए टैक्स लगेगा. टैक्स के लिए 29 हजार रूपए लगेंगे. उसने रुपए दे दिए. ऐसा कर कुल 9 बार में उसने 6.19 लाख रुपए दिए. बाद में उसे एहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो गई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.











