
दुमका : बाल सुधार गृह के चार किशोर वर्ष 2021 की मैट्रिक परीक्षा में शामिल हुए थे, जिसमें से तीन किशोर प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए तथा इनमें से एक किशोर डिस्टिंक्शन के साथ उत्तीर्ण हुआ है. विदित हो कि ये किशोर विधि विवादित मामले में संप्रेक्षण गृह, दुमका में किशोर न्याय बोर्ड दुमका, देवघर व साहेबगंज से आवासित कराए गए हैं. किशोरों की इस सफलता पर किशोरों के माता-पिता के साथ-साथ संप्रेक्षण गृह, दुमका के कर्मियों ने किशोरों को मिठाई खिलाकर बधाई दी. किशोरों ने बताया कि उनकी सफलता के पीछे गृह के शिक्षक अरविंद कुमार साह एवं सुमित कुमार गुप्ता का मार्गदर्शन और मेहनत एवं गृहपति अब्दुल गफ्फार का सहयोग रहा. अधीक्षक संप्रेक्षण गृह, दुमका अनीता कुजूर ने बताया कि गृह में संसीमित सभी किशोरों में कुछ न कुछ हुनर है. गृह में आवासन के दौरान इनकी निरंतर काउंसलिंग की जाती है और यह उन सभी बच्चों की कड़ी मेहनत और लगन का नतीजा है जिसका सार्थक परिणाम आज सबके सामने है. अधीक्षक द्वारा भी इन किशोरों का उत्साहवर्धन किया गया एवं उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई. जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी प्रकाश चन्द्र ने इन किशोरों को बधाई देते हुए संप्रेक्षण गृह से जाने के बाद समाज की मुख्यधारा से जुड़ कर देश की उन्नति में सहयोग करने की सीख दी है.



