
जमशेदपुर : केंद्र सरकार द्वारा भारतीय रेलवे में यात्री सेवा समिति रेलवे बोर्ड के सदस्य के रूप में मनोनीत गुरविंदर सिंह सेठी ने बोर्ड में अपना पदभार संभाल लिया है. इसके पश्चात रविवार को वह रेलमार्ग से जमशेदपुर पहुंचे. यहां टाटानगर रेलवे स्टेशन पर सिख समुदाय के लोगों व समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया. स्टेशन पर पहुंच कर उन्होंने वहां के स्टॉल्स में खाद्य सामग्रियों की जांच की. साथ ही उस पर छपे मूल्य आदि की जानकारी लेने के साथ ही विक्रेताओं को प्रिंट रेट से अधिक मूल्य पर नहीं बेचने की हिदायत दी. (नीचे भी पढ़ें व वीडियो देखें)
संवाददाताओं से बात करते हुए बोर्ड में अपने मनोनयन के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री समेत भाजपा आलाकमान के प्रति आभार जताया. उन्होंने इस बात पर खुशी जतायी कि झारखंड राज्य से एक सिख को बोर्ड का सदस्य मनोनीत किया गया है. उन्होंने कहा कि जब से केंद्र में मोदी सरकार आयी है, रेलवे में स्वच्छता बढ़ी है. वर्तमान में रेलवे स्वच्छता के मामले में सबसे आगे है. (नीचे भी पढ़ें व वीडियो देखें)
गुरविंदर सिंह सेठी ने कहा कि बोर्ड के सदस्य के रूप में वह झारखंड में रेलवे को और बेहतर बनाने, रेलवे में यात्री सुविधा बढ़ाने, कर्मचारियों की समस्या के निदान की दिशा में प्रयास करेंगे. यात्रियों व रेल कर्मियों की आवाज बन कर उनकी समस्या को बोर्ड के समक्ष उठायेंगे, ताकि उसका समाधान हो सके. उन्होंने बताया कि आगामी 15 अगस्त के बाद बोर्ड की बैठक होनेवाली है, जिसमें वह विभिन्न मुद्दों को उठायेंगे. टाटानगर रेलवे स्टेशन पर श्री सेठी का स्वागत करने वालों में सरदार शैलेंद्र सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित थे.





