
जमशेदपुर : बागबेड़ा महानगर विकास समिति की बैठक समिति के अध्यक्ष सह भाजपा नेता सुबोध झा की अध्यक्षता में बड़ौदा घाट मंदिर प्रांगण में हुईl बैठक को संबोधित करते हुए सुबोध झा ने कहा कि हम सभी ग्रामीण बागबेड़ा, कीताडीह, घाघीडीह, पंचायत क्षेत्र से आते हैं। बागबेड़ा एवं छोटा गोविंदपुर ग्रामीण जलापूर्ति योजना जैसी बड़ी योजना भी ग्रामीण जनता को उपलब्ध हुई है। फिर बागबेड़ा, कीताडीह, घाघीडीह, गोविंदपुर या रेलवे क्षेत्र की 33 बस्तियों के लोगों से बिजली का बिल शहरी दर पर क्यों लिया जाता है। बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने शहरी दर पर बिजली का बिल लिए जाने का पुरजोर विरोध किया। सुबोध झा ने कहा कि बिजली का बिल भी सरकार ग्रामीण दर पर लेने का आदेश करे। जब ग्रामीण जनता को शहर की कोई मौलिक सुख सुविधा उपलब्ध नहीं होती है और हम सभी पंचायत के अंतर्गत आते हैं, तो जो भी टैक्स है किसी भी रूप में हम सभी से पंचायती दर पर लिया जाए, नहीं तो हम सभी को नगर निगम औद्योगिक नगरी या नगर पालिका में शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि हम सभी पंचायत क्षेत्र में रहते हैं और हमें कोई शहरी क्षेत्र की सुख सुविधा उपलब्ध नहीं है। गंदगी का अंबार पूरे पंचायत क्षेत्र में भरा पड़ा है। फिर शहरी दर पर बिजली का बिल लेना सरकार बंद करे। अन्यथा इस मुद्दे को लेकर बागबेड़ा महानगर विकास समिति बड़े पैमाने पर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी सारी जवाबदेही सरकार एवं जिला प्रशासन की होगी। बैठक में संपूर्ण घाघीडीह विकास समिति के अध्यक्ष छोटू राय मुर्मू, प्रभा हरदा, महिला मोर्चा अध्यक्ष ऋतु सिंह, सपन दास, श्वेता कुमारी, संदीप श्रीवास्तव, सपन कुमार दास, आसिफ हुसैन, अमीना खातून समेत कई लोग उपस्थित थे।












