
जमशेदपुरः कांग्रेस कार्यसमिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य और जमशेदपुर के पूर्व सांसद आईपीएस डॉ अजय कुमार ने झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर को पत्र लिखकर झारखंड कांग्रेस में दिव्यांग कार्यकर्ताओं के लिए दिव्यांग प्रकोष्ठ बनाने का अनुरोध किया है. (नीचे भी पढ़ें)
डॉ अजय कुमार ने पत्र में कहा दिव्यांग जनों एवं कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ने के लिए झारखंड कांग्रेस को झारखंड में एक दिव्यांग प्रकोष्ठ का गठन करना चाहिए। ऐसे प्रकोष्ठ की स्थापना करके हम अपने दिव्यांग लोगों के उचित प्रतिनिधित्व के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठा सकते हैं। दिव्यांग प्रकोष्ठ बनाने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। अन्य राज्य जैसे राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश में भी दिव्यांग प्रकोष्ठ बनाए गए हैं और अपने अपने राज्य में पार्टी के एजेंडे पर सफलतापूर्वक काम कर रहे हैं। (नीचे भी पढ़ें)
गौरतलब है कि इस संबंध में जमशेदपुर के कुछ दिव्यांग संगठन का एक प्रतिनिधि मंडल डॉ अजय कुमार से उनके जमशेदपुर निवास पर मिला और झारखंड राज्य में कांग्रेस का दिव्यांग प्रकोष्ठ बनाने का अनुरोध किया। उनके सुझाव सुनने के बाद डॉ अजय ने भी दिव्यांग प्रकोष्ठ बनाने का समर्थन किया|





