
जमशेदपुर : जमशेदपुर के खैरबनी मौजा के ग्रामीणों ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया है. ग्रामीणों ने क्षेत्र के भू माफियाओं द्वारा आदिवासियों और मूल वासियों की जमीन पर जबरन कब्जा कर खरीद-बिक्री का आरोप लगाते हुए उपायुक्त को एक मांग पत्र सौंपा है. जानकारी देते हुए भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष विकास हेंब्रम ने बताया कि रिंकू पांडे नामक जमीन माफिया क्षेत्र के गरीब आदिवासियों और मूल वासियों की जमीन पर जबरन कब्जा कर उसे औने- पौने दाम में बेच रहा है. उन्होंने बताया कि 2016 में भी जिले के उपायुक्त के समक्ष यह मांग उठाई गई थी, बावजूद इसके भू- माफिया क्षेत्र के सैकड़ों एकड़ जमीन की खरीद बिक्री में जुटा है. उन्होंने उपायुक्त से पुनः इस मामले पर संज्ञान लेते हुए भू- माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई.











