
चाईबासाः चाईबासा के सोनुआ थाना अंतर्गत बालजोड़ी के पास वन विभाग ने भारी मात्रा में अवैध लकड़ी लदा ट्रक पकड़ा है. गुप्त सूचना पर सोनुआ के संतरा वन प्रक्षेत्र के रेंजर अखिलेश त्रिपाठी के नेतृत्व में वनकर्मियों ने बुधवार के सुबह चार बजे छापेमारी कर अवैध लकड़ी लदे इस ट्रक को पकड़ा है. ट्रक में भारी मात्रा में अवैध साल की सिल्ली लदा हुआ है. हालांकि छापेमारी के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रक का ड्राईवर और लकड़ी तस्कर बचकर भागने में सफल रहे. सोनुआ के संतरा वन प्रक्षेत्र के रेंजर अखिलेश त्रिपाठी के मुताबिक जब्त लकड़ी की कीमत लाखों रुपये होगी. अवैध लकड़ी लदा ट्रक बिहार का है. फिलहाल वन विभाग आगे की कार्रवाई में लगी है.











