
रांची : झारखंड सरकार ने दस आइएएस पदाधिकारियों का तबादला किया है और नया प्रभार भी दिया है. इसके तहत 1988 बैच के आइएएस अधिकारी कमल किशोर सोन को सचिव अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक और पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के पद के अलावा परिवहन विभाग का सचिव का भी अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. इसी तरह के श्रीनिवासन को परिवहन विभाग के सचिव के पद से हटाते हुए निदेशक, श्रीकृष्ण लोक प्रशासन संस्थतान रांची के पद पर नियुक्त कर दिया गया है. डायरेक्टर इंडस्ट्रीज जीतेंद्र कुमार सिंह को खान आयुक्त बना दिया गया है. उनके पास एमडी झारखंड औद्योगिक आधारभूत संरचना विकास निगम जिडको का भी प्रभार था. राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक उमाशंकर सिंह को हटाकर निदेशक भू अर्जन, भू अभिलेख और परिमाप झारखंड बनाया गया है. झारखंड एड्स कंट्रोल सोसाइटी के परियोजना निदेशक भुवनेश प्रताप सिंह को अपने कार्यों के अलावा कार्यकारी निदेशक झारखंड राज्य आरोग्य सोसाइटी का भी अतिरिक्त प्रभार दे दिया गया है. आकांक्षा रंजन को वाणिज्य कर आयुक्त के पद से हटाकर सरकार ने उनको झारक्राफ्ट का एमडी बना दिया है. निदेशक भू अर्जन, भूअभिलेख व परिमाप के पद पर पदस्थापित कर्ण सत्यार्थी को गुमला जिला परिषद के सीइओ सह डीडीसी बनाया गया है. इसी तरह निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क विभाग शशि प्रकाश सिंह का तबादला किया गया है. उनको अपर निदेशक प्रशासन रिम्स के पद पर पदस्थापित किया गया है. इसी तरह मुख्य वन संरक्षक-सह-परियोजना निदेशक, परियोजना समन्वय ईकाई, झारखंड सहभागी वन प्रबंधन परियोजना के पद पर पदस्थापित राजीव लोचन बख्शी की सेवा वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग से लेते हुए अगले आदेश तक सूचना एवं जनसंपर्क निदेशक का निदेशक बना दिाय गया है. वे पहले भी इसी पद पर थे, जिनको हटाया गया था. इसी तरह विशेष सचिव वाणिज्यकर विभाग के पद पर पदस्थापित संतोष कुमार वत्स को अगले आदेश तक अपने वेतनमान में ही वाणिज्यकर आयुक्त के पद पर पदस्थापित कर दिया गया है.
















