
जमशेदपुर : भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम, राम मनोहर लोहिया नेत्रालय द्वारा चिमनलाल भालोटिया सेवा संस्थान, राजस्थान सेवा सदन तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से 621वां नेत्र शिविर शहर के जाने माने समाजसेवी, गोप्रेमी तथा रेड क्रॉस के पेट्रऩ रहे स्व. चन्दूलाल भालोटिया के पुण्य स्मृति में 6 से 8 नवम्बर तक आयोजित किया जायेगा। छठ पूर्व इस नेत्र शिविर के माध्यम से 20-25 लोगों के आंखों को रौशनी देने का प्रयास किया जायेगा। 6 नवम्बर को शिविर में नेत्र रोगियों के आंखों की जांच की जायेगी तथा मोतियाबिन्द ग्रस्त ऑपरेशन योग्य नेत्र रोगियों का चयन किया जायेगा, रविवार 7 नवम्बर को नेत्र रोगियों का ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण नेत्र चिकित्सक डॉ. बी. पी. सिंह, डॉ. पूनम सिंह, डॉ. भारती शर्मा, डॉ. विवेक
केडिया एवं उनके सहयोगी चिकित्सीय टीम द्वारा किया जायेगा तथा सोमवार 8 नवम्बर को ऑपरेशऩ कराये नेत्र रोगियों के आंखों की पट्टी खोलकर उनके आंखों की अंतिम जांच की जायेगी तथा उन्हें आवश्यक दवा, चश्मा के साथ आंखों की देखभाल सम्बन्धी जानकारी प्रदान कर विदा किया जायेगा। (नीचे भी पढ़ें)
मासिक रक्तदान शिविर 8 नवंबर को
प्रत्येक माह की 8 तारीख को रेड क्रॉस सोसाइटी पूर्वी सिंहभूम द्वारा साकची स्थित रेड क्रॉस भवन में आयोजित होने वाला रक्तदान शिविर इस माह 8 नवम्बर को रेड क्रॉस रक्तदान समिति के अध्यक्ष अरुण बांकरेवाल के संयोजन मे आयोजित किया जायेगा। 8 नवम्बर सोमवार को आयोजित हो रहे रक्तदान शिविर में कोई भी रक्तदाता जिनके पिछले रक्तदान से 90 दिन पूरा हो गया हो, वे रक्तदान कर सकेंगे। रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने बताया कि मौसम बदलने के कारण रक्त की आवश्यकता बढ़ी है, इसी को देखते हुए हर रक्तदाता स्वस्थ आहार-विहार रखते हुए रक्तदान करें, दूसरों के जीवन को बचाने में सहायक बनें।













