
जमशेदपुरः सोमवार को झारखंड राज्य के 21वें स्थापना दिवस सह भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती के मौके पर जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी ने बोड़ाम प्रखंड कार्यालय स्थित सभागार में झारखंड सरकार के सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत कंबल वितरण योजना का शुभारंभ किया. इस मौके पर विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि आज पूरे प्रदेश के सभी सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों में भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धासुमन अर्पित की जा रही है. शोषण व अत्याचार के खिलाफ अंग्रेजों से लड़कर उनकी यातनाएं सहकर शहीद होने वाले भगवान बिरसा मुंडा के सपनों को साकार करने के लिए आज हमारे राज्य के लोकप्रिय युवा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से गरीबों के हित में कई उल्लेखनीय कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा गया है. (नीचे भी पढ़ें)
साथ ही भविष्य में यहां के आदिवासी-मूलवासी समेत सभी के हित में योजनाएं लागू करते हुए यह सरकार वीर शहीदों के सपनों को पूरा करने के संकल्प के तहत कार्य करते हुए एक लकीर खींचेगी. उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी नाजिया अफरोज समेत उपस्थित अधिकारी व कर्मचारियों से क्षेत्र के लोगों के साथ मधुर संबंध स्थापित करते हुए काम करने की सलाह दी. मौके पर झामुमो के किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष सुभाष कर्मकार, बोड़ाम प्रखंड अध्यक्ष श्यामापद महतो, काजल छुतुलाल हासदा, दयाल महतो, अस्वनी महतो, जलन माण्डी, जलध महतो टुडू, यादव महतो, रामपद महतो, विनय मंडल, खेतुराम किस्कू आदि मौजूद थे. मौके पर विधायक ने कई बुजुर्गों के बीच कंबलों का वितरण किया.












