
जमशेदपुर : जानवरों को भोजन उपलब्ध कराने की मांग को लेकर बागबेड़ा के उप मुखिया सुनील गुप्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला विशिष्ठ अनुपाजन पदाधिकारी कार्यालय में मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में कहा गया है कि विगत कई वर्षों से कुछ समाजसेवी महिलाएं लावारिश जानवरों व कुत्तों को भोजन उपलब्ध करवा रही हैं। ताकि भोजन के बिना वे सड़क पर भटके नहीं और मरे नहीं। उप मुखिया सुनील गुप्ता ने कहा कि भूख लगने के कारण कुत्ते सड़क पर भोजन के लिए इधर-उधर भटकते हैं। इस दौरान कई कुत्तों की सड़क दुर्घटना में मौत भी हो जाती है और कई भूख के कारण मर जाते हैं। वर्तमान में कई वर्षों से चावल का भोजन बनाकर कुत्तों का पेट भरने का कार्य किया जा रहा है। इसमें चावल की अत्यधिक मात्रा की आवश्यकता है। इस कारण जनहित में मानवता के नाम पर अगर चावल उपलब्ध करा दिया जाता है तो लावारिस जानवर व कुत्तों को आसानी से भोजन उपलब्ध करवाकर पेट भरा जा सकता है इससे सड़क दुर्घटना में कुत्ते मरेंगे भी नहीं और उनका पेट भी भर जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में समाजसेवी अनवरी बेगम अंसारी, श्वेता कुमारी, पंपा दत्ता, दीपा शामिल थीं।












