
जमशेदपुर : चांडिल थाना क्षेत्र स्थित बिहार स्पंज आयरन कंपनी को चलाने के लिए अधिकृत्य संचालक कम्पनी वनराज स्टील्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने कुछ ग्रामीणों द्वारा काम बंद करा कर ड्राइवर से मारपीट व कंपनी अधिकारियों पर ही बेबुनियाद झूठा केस करने की लिखित शिकायत चांडिल थाना में की है. कंपनी के अधिकारियों ने शुक्रवार को अपनी शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में बताया गया है कि वर्षो से बंद पड़े बिहार स्पंज आयरन कारखाना को पुनः चालू करने की प्रक्रिया चल रही है उसी क्रम में गुरुवार को कारखाना के रेलवे साइडिंग की बगल में स्थित रास्ते का मरम्मतीकरण का कार्य चल रहा है, जिसमे पोकलेन द्वारा सड़क का समतलीकरण कार्य हो रहा था. दिन के लगभग 10 बजे अचानक गांव कि तरफ से हथियार से लैस 20 से 25 लोगों ने आ कर काम बंद करके पोकलेन चालक की बुरी तरह पिटाई करने के साथ वहाँ मौजूद अन्य लोगों को दौड़ा कर भगा दिया. (नीचे भी पढ़ें)
बताया गया है कि कार्यस्थल पर कोई भी अधिकारी स्तर का व्यक्ति मौजूद नहीं था, घटना में बुरी तरह जख्मी चालक को ठेकेदार साथ ले गए व बाहर इलाज कराया. देर शाम जानकारी मिली कि मारपीट करने वाले ग्रामीणों ने अपने बचाव में उलटे कंपनी से जुड़े दो अधिकारियों के खिलाफ एसटी एससी धारा के तहत बेबुनियाद आरोप लगाते हुए चांडिल थाना में शिकायत दर्ज कराया हैं. शिकायत में बताया गया है कि रवीन्दर अग्रवाल आधुनिक पावर एंड नेचुरल रिसोर्सेज कांड्रा के वरीय पदाधिकारी है. वहीं डी एन त्रिपाठी वनराज स्टील्स में शीर्ष मानव संधान अधिकारी है उनका सिविल कार्यो से कोई लेना देना नहीं है. घटना के समय वे सराईकेला श्रम विभाग कार्यालय गए हुए थे. उनपर गलत आरोप लगाया गया है. बिहार स्पंज आयरन कारखाना चालू होने वाला है जिसे कंपनी ने वनराज स्टील्स प्राइवेट लिमिटेड को संचालन के लिए दिया है, स्थानीय कुछ लोग कंपनी पर लगातार ठेका कार्य के लिए दबाव डाल रहे है. ठेका नहीं मिलने के करण जमीनदाताओ व स्थानीय भोले भाले लोगों को भड़काकर हंगामा करा रहे है जिसकी पूर्व सूचना प्रशासन को लिखित दी गयी है.




