
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो से ठगों द्वारा नए तरीके से ठगी का मामला सामने आया है. ठगों ने मानगो की दो महिलाओं को भगवान के दर्शन करने के नाम नकद के अलावा सोने की अंगूठी ठग ली. ठगी का एहसास होने पर महिलाओं ने मानगो थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. दरअसल मानगो डिमना रोड देशबंधु लाइन निवासी दीपाली दत्ता और डिमना रोड हिल व्यू कॉलोनी निवासी उषा देवी ठगी का शिकार हुई. उषा देवी किसी काम से रविवार को मानगो बाजार गई थी, बाजार परिसर में दो युवक उसे मिले जिन्होंने उसे भगवान के दर्शन कराने की बात कही. उनमें से एक युवक से दूसरे युवक ने सारे रुपए और पैसे रखवा लिए और परिक्रमा करने को कहा. थोड़ी देर बाद वह युवक वापस आया और उसने कहा की उसे सच में भगवान के दर्शन हो गए. इसी झांसे में आकर उसे भी भगवान के दर्शन करने की इच्छा हुई. ठग ने उसके पास मौजूद नकद और सोने की अंगूठी उतरवा ली और परिक्रमा करने को कहा. जब वह परिक्रमा कर लौटी तो उसे भगवान के दर्शन तो नही हुए पर ठग मौके से फरार हो चुके थे. इसी तरह ठग ने दीपाली दत्ता को भी ठग लिया. फिलहाल पुलिस ठगों की तलाश कर रही है.














