
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टाटानगर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर चार पर शुक्रवार को उत्कल एक्सप्रेस की चपेट आए बागबेड़ा बाजार टोला निवासी अशोक मंडल की मौत मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है. दरअसल अशोक की अस्वाभाविक या दुर्घटना से मौत नहीं हुई थी, उसने आत्महत्या की थी. इसका राज अशोक के सुसाइडल नोट से हुआ है. जिसमें अशोक ने आत्महत्या के पीछे श्रीराम सिटी यूनियन फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंट पी सोनू को बताया है. (नीचे पढ़ें पूरी खबर व देखें वीडियो)
अपने ढाई पन्ने के सुसाइडल नोट में अशोक मंडल ने पी सोनू पर उसके द्वारा फाइनेंस कराए गए गाड़ियों के लोन रिकवरी के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है. उसने लिखा है, कि सोनू अपना इंसेंटिव बनाने के चक्कर में मुझसे जबरन ईएमआई रिकवरी करवाता था. जिससे वह कर्जदार भी हो गया था. कल रात वह मेरे घर पर आया और जबरदस्ती ईएमआई भरने के लिए दबाव बनाने लगा. मेरे विरोध करने पर गाली- गलौज पर उतारू हो गया. जिससे घरवाले काफी परेशान हो गए. सोनू ने मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी. सुसाइडल नोट में अशोक मंडल ने पुलिस से सोनू के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.











