
जमशेदपुर : भुवनेश्वर के सीवी रमन कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से जमशेदपुर के तीन और जमुई के एक छात्र के लापता होने के मामले में ओड़िशा पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. 12 फरवरी को लापता छात्रों का आखरी लोकेशन ओड़िशा के संबलपुर में मिला था जिसके बाद से सभी का मोबाइल स्विच ऑफ है. इधर पुलिस छात्रों के साथ लापता एक और युवक रहमत उर्फ छोटू की भी तलाश है. रहमत लापता छात्र शेखर का साथी है और वह जामताड़ा का रहने वाला है. ओडिसा पुलिस को शक है कि कहीं सभी साइबर अपराधियों की चंगुल में ना फंस गए हों. ओड़िशा पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है. इधर लापता छात्रों के परिजन भुवनेश्वर में रुककर पुलिस की कार्रवाई पर बने हुए है. बता दें कि भुवनेश्वर के सीवी रमन कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के छात्र गोविंदपुर निवासी विशाल पांडे, सिदगोड़ा निवासी त्रिनेत्र कुमार और टिनप्लेट निवासी आदित्य राज के अलावा जमुई निवासी शेखर राजपूत 11 फरवरी से लापता है. सभी 9 फरवरी को ही कॉलेज के लिए निकले थे. उनका कॉलेज 14 फरवरी को खुलना था. 11 फरवरी तक सभी फोन से संपर्क में थे. पर उसके बाद सभी का फोन बंद हो गया. उनसे संपर्क करने की काफी कोशिश की गयी पर संपर्क नही हो पाया.





