
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा स्वास्थ्य केंद्र परिसर में मंगलवार को विधायक समीर महंती के पहल पर दिव्यांगता जांच शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में विधायक समीर महंती उपस्थित थे. अवसर पर संबोधित करते हुए महंती ने कहा कि इस शिविर के माध्यम से वैसे दिव्यांगजन जिनका जांच उपरांत प्रमाण पत्र नहीं मिला था जिसके कारण वह सरकारी सुविधा और पेंशन से वंचित थे उन्हें विशेष लाभ पहुंचाने के लिए इस शिविर का आयोजन किया गया है. कहा कि इससे पहले दिव्यांग का जांच शिविर जिला के सदर अस्पताल जाकर मरीजों को करानी पड़ती थी, जिस कारण कई ग्रामीण आर्थिक कमी या अन्य कारणों से जिला नहीं जा पाते हैं. उन्होंने पहल कर क्षेत्र में ही शिविर लगाने की जिला पदाधिकारी से बात कही ताकि लोगों को सहुलियत हो और ग्रामीण शिविर में आकर अपनी जांच कराकर दिव्यांग प्रमाण पत्र प्राप्त कर सके. मोहंती ने कहा कि बहरागोड़ा अस्पताल में इस तरह के शिविर का आयोजन किया गया जिससे काफी ग्रामीण क्षेत्र के दिव्यांग जो जमशेदपुर जाने में असमर्थ है उन्हें इसका पूर्ण लाभ मिले. मौके पर जिला चिकित्सा मुख्य जिला चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अरविंद कुमार लाल,अनुमंडल चिकित्सा पदाधिकारी डॉ शंकर टूडू, बहरागोड़ा स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉक्टर ओपी चौधरी समेत हड्डी, नेत्र, न्यूरो आदि विभाग के डॉक्टर एवं स्वास्थ्य कर्मी के साथ-साथ झामुमो के केंद्रीय सदस्य आदित्य प्रधान, प्रखंड अध्यक्ष आसित मिश्रा, मदन मन्ना, रासबिहारी साव, अरुण बारीक, आशीष गिरी ,सुमित मैती, विशाल बारिक समेत अन्य उपस्थित थे.




