बहरागोड़ा: बहरागोड़ा के एनएच-18 किनारे स्थित शारदा प्रोजेक्ट लिमिटेड नामक थर्माकोल प्लेट बनाने वाली फैक्ट्री के रोल गोदाम में शुक्रवार की दोपहर अचानक आग लग गई. आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. कंपनी सूत्रों के अनुसार फिलहाल प्रतिबंध के कारण थर्माकोल से प्लेट बनाने का काम बंद है. कंपनी के जीएम स्वपन भौमिक से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया परंतु संपर्क नहीं हो पाया. जिसके कारण नुकसान के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है.(नीचे भी पढ़े)

अनुमान लगाया जा रहा है कि इस अग्निकांड से कंपनी को भारी नुकसान हुआ है. आग लगने से फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई. आसपास का इलाका धुंआ से भर गया. फैक्ट्री के कर्मचारी आग पर काबू पाने में जुट गए. सूचना पाकर फायर ब्रिगेड पहुंचा और दमकल से काफी मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पाया गया. सूचना पाकर पुलिस भी घटना स्थल पहुंची. अग्निकांड में किसी कर्मचारी को कोई नुकसान नहीं होने की खबर है.



