सरायकेला : सरायकेला थाना क्षेत्र के पद्मपुर गांव में गुरुवार को गांव की ही महिला सविता सरदार का शव संदिग्ध हालत में एक छोटे से पेड़ से लटका मिला. सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने 40 वर्षीया उक्त महिला का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवाया एवं मामले की छानबीन शुरू की. पुलिस इस सिलसिले में मृतका के पति सुधीर सरदार एवं सविता के कथित प्रेमी, चक्रधरपुर निवासी जहांगीर शेख को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.(नीचे भी पढ़ें)
मृतका सविता सरदार की मौत संदिग्ध बतायी जा रही है. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बुधवार की रात सोने के पश्चात गुरुवार की सुबह सविता सरदार का शव उसके घर के समीप ही एक छोटे से पेड़ से लटकता पाया गया. उधर छानबीन में पुलिस को मृतका सविता के गले पर रस्सी के निशान मिले हैं. बताया जा रहा है कि जहांगीर शेख मृतका सविता सरदार का तथाकथित प्रेमी है. बताते चलें कि सविता सरदार और सुधीर सरदार का विवाह 1993 में हुआ था एवं उन्हें दो बेटियां और एक बेटा है. सरायकेला थाना प्रभारी नितीश कुमार ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है. प्रेमी व पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का खुलासा होगा.



