जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है. बागबेड़ा निवासी शिव सिंह पैर में गंभीर इन्फेक्शन होने के बाद इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन विडंबना यह रही कि चार दिनों तक उन्हें अस्पताल में एक बेड तक नसीब नहीं हुआ. मजबूर होकर वह अस्पताल की जमीन पर लेटकर इलाज मिलने का इंतजार करते रहे. बताया जाता है कि शिव सिंह के पैर में इन्फेक्शन लगातार बढ़ता जा रहा है. समय पर समुचित इलाज नहीं मिलने की स्थिति में संक्रमण और गंभीर रूप ले सकता है. उनकी हालत ऐसी है कि वह अपनी तकलीफ भी ठीक से बता पाने में असमर्थ हैं. सबसे दुखद पहलू यह है कि अस्पताल में उनकी देखभाल करने वाला भी कोई नहीं है. ऐसे में चार दिनों तक वह अस्पताल परिसर में जमीन पर पड़े रहे. (नीचे भी पढ़ें)
मामले की जानकारी मिलने के बाद शनिवार को कांग्रेस नेता इमरान खान और वार्ड संख्या 30 के पार्षद विनोद रविदास ने मानवीय पहल करते हुए उनकी मदद की. दोनों के प्रयास से शिव सिंह को अस्पताल में बेड उपलब्ध कराया गया. साथ ही अस्पताल प्रबंधन से जल्द से जल्द उनका इलाज शुरू कराने की पहल की गई, ताकि समय रहते उन्हें बेहतर उपचार मिल सके और उनकी जान बचाई जा सके. यह घटना एक बार फिर एमजीएम अस्पताल में मरीजों को बेड और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है.












