जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को कॉलोनी स्थित यंग बॉयज क्लब 22 फीट काली पूजा समिति की ओर से 5वें वर्षगांठ के अवसर पर भव्य काली पूजा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. सात दिवसीय यह महोत्सव 7 नवंबर से 13 नवंबर 2026 तक क्रॉस रोड नंबर 9ए, टेल्को कॉलोनी में आयोजित होगा. इस वर्ष पूजा महोत्सव में 60 फीट ऊंचा भव्य पंडाल और पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर के प्रसिद्ध मूर्तिकारों द्वारा निर्मित 35 फीट ऊंची मां काली की दिव्य प्रतिमा विशेष आकर्षण होगी. पंडाल को आकर्षक कलात्मक सजावट और रोशनी से सजाया जाएगा. श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए भव्य मेला, झूले और विभिन्न आकर्षक गतिविधियों की भी व्यवस्था की गई है. महोत्सव के दौरान काशी (बनारस) से आमंत्रित पुरोहितों द्वारा पारंपरिक गंगा आरती की शैली में भव्य महाआरती की जाएगी. इसके अलावा सात दिनों तक पूजा-अर्चना, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे. (नीचे भी पढ़ें)
चित्रकला प्रतियोगिता, टैलेंट हंट, एकल एवं सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता तथा रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे. आयोजन को आधुनिक और सुरक्षित बनाने के लिए एआई आधारित सुरक्षा निगरानी, डिजिटल प्रदर्शनी और डिजिटल प्रस्तुतियों की विशेष व्यवस्था की गई है. साथ ही बच्चों एवं परिवारों के मनोरंजन के लिए आकर्षक मेले और विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी. उद्घाटन समारोह के विशिष्ट अतिथियों में झारखंड सरकार के परिवहन, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दीपक बिरुआ, घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, टाटा मोटर्स के प्लांट हेड अनुराग चरिया, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं महासचिव आर.के. सिंह शामिल हुए. समिति ने सभी श्रद्धालुओं एवं शहरवासियों से महोत्सव में शामिल होकर मां काली का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है.












