जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के प्रमथनगर में महिला की संदिग्ध मौत पर अस्पताल में परिजनों ने बवाल किया. प्रमथनगर में 25 वर्षीय महिला ममता देवी की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई. घटना शुक्रवार की है. ममता को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे. यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर ममता के मायके वाले भी अस्पताल पहुंच गए और अस्पताल परिसर में ही मायके और ससुराल पक्ष के लोग भिड़ गए. जमकर मारपीट हुई. मायके वालों का आरोप है कि ममता की दहेज के लिए हत्या की गई है. अस्पताल में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने दोनों गुटों को अलग किया. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. (नीचे भी पढ़ें और देखें वीडियो)
पुलिस ने महिला के पति मिंटू दत्ता और उसकी सास को हिरासत में ले लिया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है. मायके वालों ने बताया कि ममता की शादी 5 साल पहले टाटा मोटर्स में बाई 6 कर्मी मिंटू दत्ता से हुई थी. इनके 4 साल का एक बेटा भी है. मायके वालों का कहना है कि ससुराल वालों ने ममता की मौत की जानकारी नहीं दी. ममता के बेटे ने नानी को फोन कर बताया कि सभी ने मिलकर मां को मार दिया है. ममता के साथ उसका बेटा भी अस्पताल पहुंचा था. लेकिन दोनों गुटों में झगड़े के बाद ममता की ननंद ममता के बेटे को अपने साथ लेकर घर चली गई. (नीचे भी पढ़ें और देखें वीडियो)
बताते हैं कि ममता के शरीर पर चोट के निशान हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है. मृतका ममता के चाचा दीपक पाल ने बताया कि शादी के बाद से ही उसे ससुराल में टॉर्चर किया जाता था. उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले में कार्रवाई करें.




