गालूडीह : एमजीएम थाना क्षेत्र में एनएच 33 पर बेलाजुड़ी गांव स्थित काली मंदिर के पास सोमवार रात करीब 2 बजे एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक और खलासी दोनों बुरी तरह जख्मी होकर केबिन में ही फंस गये. घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों को केबिन से निकाल कर अस्पताल भेजा. (नीचे भी पढ़ें)

जानकारी के अनुसार सोमवार रात घाटशिला की तरफ से ट्रेलर संख्या एनएल01एल – 3423 पांच रील के बंडल लाद कर जमशेदपुर की ओर आ रहा था. बेलाजुड़ी काली मंदिर के पास ट्रेलर के आगे अचानक एक कार आ गई, जिसे बचाने के चक्कर में ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़कर रोड के बीचोंबीच पलट गया. दुर्घटना में जख्मी चालक व खलासी दोनों केबिन में ही फंस गए. स्थानीय लोगों द्वारा सूचित किये जाने पर पहुंची एमजीएम पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों को केबिन से निकाला एवं उन्हें तत्काल अस्पताल भेजवाया. वहीं बीच सड़क पर पलटेने के कारण वहां यातायात घंटों बाधित रहा. मंगलवार सुबह एनएचएआइ के कर्मचारी और ग्रामीणों ने क्रेन की सहायता से ट्रेलर को हटाया गया, तब जाकर रास्ता साफहो सका.











