प्रकाश दास / गालूडीह : पिछले कई महीनों से सालबनी स्वामी विवेकानंद बीएड कॉलेज के पास एन एच 33 किनारे एक बिजली का खंभा इस तरह झुक चुका है कि कब गिर जाए कुछ कहा नहीं जा सकता। वहीं खंभे से जुड़े मेन लाइन के तार भी सड़क के ऊपर से होते हुए सीधे दूसरी ओर इस झुके खंभे के साथ जुड़े हुए हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग होने के कारण इस पर वाहनों की आवाजाही का सिलसिला जारी रहता है। ऐसे में यदि यह खंभा गिरता है तो यह किसी की जान ले सकता है। वहीं हादसों को न्योता दे रहे इस खंभे से बिजली विभाग के कर्मचारी अनजान बने हुए हैं। इधर ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर बिजली के यह बिजली का खंभा किसी भी समय गिर सकता है। जो सुरक्षा की दृष्टि से ठीक नहीं है। कई ग्रामीण सड़क किनारे खेतों में पशुओं को चराते है। ग्रामीणों में हमेशा डर बना रहता है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से इसे जल्द ठीक कराने की मांग की है।



