रामगोपाल जेना / चाईबासा : लघु सिंचाई प्रमंडल चाईबासा में ई-निविदा में गलत शपथ पत्र दायर करने पर संवेदक आस्था कंस्ट्रक्शन के संचालक कृष्ण कुमार सिंह उर्फ टिंकू सिंह को काली सूची में डालते हुए एफआइआर दर्ज करने का निर्देश उपायुक्त के द्वारा दिया गया है। साथ ही आस्था कंस्ट्रक्शन ने जिस ई-निविदा में भाग लिया था उनमें शामिल 7 योजनाओं की निविदा पुनः कराने का आदेश भी दिया गया है। एमएस एसपी ट्रेडर्स के संचालक प्रवीर भट्टाचार्य के द्वारा उपायुक्त से शिकायत की गयी थी। कहा गया था कि पिछले 6 अक्टूबर को लघु सिंचाई प्रमंडल चाईबासा में ई-निविदा निकाली गई थी। उसमें आस्था कंस्ट्रक्शन के द्वारा जो शपथ पत्र दाखिल किया गया था वह गलत है। उसके बाद डीसी ने तीन सदस्यीय समिति से मामले की जांच करायी। (नीचे भी पढ़ें)
जांच के बाद मामला सामने आया कि ई-निविदा के दौरान आस्था कंस्ट्रक्शन के संचालक कृष्ण कुमार सिंह के द्वारा दाखिल किया गया शपथ पत्र गलत है। उसके बाद उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता लघु सिंचाई प्रमण्डल, चाईबासा को निर्देश दिया है कि 6 अक्टूर को निकाली गई 7 योजनाओं की ई-निविदा पुनः करायी जाये। वहीं गलत शपथ-पत्र संलग्न करने वाले संवेदक आस्था कंस्ट्रक्शन के संचालक कृष्ण कुमार सिंह का नाम काली सूची में दर्ज करना सुनिश्चित किया जाय। वहीं गलत शपथ-पत्र दायर करने के कारण सुसंगत धाराओं के तहत स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराना सुनिश्चित किया जाय। साथ ही तीनों निर्देशों का अनुपालन करते हुए प्रतिवेदन कार्यालय को भी सुनिश्चित करायेंगे। एक सप्ताह पूर्व ही जिला परिषद में मझगांव के संवेदक हाजी जहांगीर आलम को भी गलत चरित्र प्रमाण पत्र दाखिल करने के आरोप में काली सूची में डालते हुए मामला दर्ज कराया गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही है।












