पटना : बिहार में पटना जिले में सोन नदी की तेज धारा में नाव डूब गई है. नाव में 15 लोग सवार थे, जिनमें से 7 लोग अब तक लापता बताये जा रहे हैं. बाकी के 8 लोगों ने तैर कर अपनी जान बचाई. जिले के मनेर थाना क्षेत्र स्थित महावीर टोला के पास हुए इस हादसे की जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस गोताखोरों की मदद से लापता लोगों का पता लगाने के प्रयास में जुटी है. बताया जा रहा है कि दुर्घटना का शिकार बनी नाव पर पंद्रह लोग सवार थे. बीच नदी में पहुंचने पर नदी की तेज धारा के कारण डगमगाने लगी और देखते ही देखते नाव पानी में पलट गयी. (नीचे भी पढ़ें)
नाव में सवार लोगों में से तैरना जाननेवाले 8 लोग तो किसी तरह तैर कर अपनी जान बचाने में सफल रहे, किन्तु बाकी 7 लोगों के नदी की तेज धारा में बह जाने की आशंका है. हालांकि सूचना पाकर पहुंची पुलिस गोताखोरों की मदद से उनका पता लगाने का प्रयास कर रही है, किन्तु अब तक बहे लोगों में से किसी का पता नहीं चल पाया है. बता दें कि इस क्षेत्र में नावों के डूबने से ऐसे हादसे अक्सर होते रहते हैं. अभी विगत अक्टूबर महीने में ही एक नाव गंगा नदी की तेज धार में बह गयी थी, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गयी थी.



