जमशेदपुर : अमृतसर स्थित श्री अकाल तख़्त साहिब ने स्पष्ट किया है कि होर्डिंग्स या इस्तेहारों में सिख गुरु साहिबान के बराबर कोई और तस्वीर लगाना उचित नहीं है. अकाल तख्त साहिब द्वारा जमशेदपुर के प्रचारक हरविंदर सिंह जमशेदपुरी के पत्र के जवाब में लिखे पत्र में इसे गलत बताते हुए वर्ष 2009 में जारी फरमान का हवाला दिया है. पत्र में साफ कहा गया है कि पहले भी इस तरह की शिकायतें मिली हैं, इसलिए यह एक गंभीर मुद्दा बन गया है. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें किहरविंदर सिंह जमशेदपुरी ने अकाल तख्त को पत्र लिख कर विभिन्न आयोजनों में लगाये जानेवाले पोस्टर-बैनरों पर सिख साहिबान की तस्वीर के साथ अन्य तस्वीर लगाये जाने पर उनसे दिशा-निर्देश देने का आग्रह किया था. अकाल तख्त ने अपने जवाब में वर्ष 2009 में जारी फ़रमान का हवाला देते हुए कहा है कि होर्डिंग्स और इस्तेहारों में गुरुओं के बराबर फोटो लगाना सही नहीं है. इसते आलोक में उन्होंने लोगों को हिदायत भी दी है कि वे ऐसा न करें, अन्यथा गुरमत मर्यादा के अनुसार कार्रवाई की जायेगी. (नीचे भी पढ़ें)
हरविंदर सिंह जमशेदपुरी ने अकाल तख्त के जवाब को लेकर कहा है कि अकाल तख्त के फरमान से स्पष्ट है कि गुरुओं के समकक्ष तस्वीर नहीं लगानी है. इसलिए वे सिख समाज के साथ ही अन्य समुदायों से भी अपील करते हैं कि फ़रमान का सम्मान करते हुए तस्वीर ना लगायें. उन्होंने गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाशोत्सव के दौरान जमशेदपुर में निकले नगर कीर्तन में ऐसे पोस्टर व होर्डिंग कम दिखाई देने पर सभी को धन्यवाद भी ज्ञापित किया.



