आदित्यपुर : आदित्यपुर विकास समिति ने शनिवार को आदित्यपुर-2 के वार्ड नंबर 32 सहित नगर परिषद के विभिन्न वार्डों में अलाव के लिए 20 क्विंटल लकड़ी वितरित की. नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में चले इस अभियान में समिति के सदस्यों ने क्षेत्र के कई स्थानों पर ठंड से बचाव के लिए अलाव जलाने की लकड़ी मुहैया कराई. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि इससे पूर्व 19 दिसंबर को भी समिति पुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में वार्ड नंबर 32 व अन्य स्थानों पर अलाव के लिए लकड़ी मुहैया करा चुकी है. पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि नगर निगम द्वारा ठंड से बचाव के लिए की गयी अलाव की व्यवस्था ऊंट के मुंह में जीरा जैसी थी. उससे एक-दो दिन कुछ जगहों पर अलाव जलाया गया, जबकि ठंठ अभी भी चरम पर है. उन्होंने कहा कि नगर निगम को कम से कम 15 दिन और अलाव की व्यवस्था करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि अलाव के लिए स्थान चिह्नित करने के लिए स्थानीय समाजसेवियों से सुझाव मांगे गये हैं. प्राप्त सुझावों के आधार पर चिह्नित स्थानों पर साल के पहले दिन लकड़ी उपलब्ध करा दी जाएगी. आज लकड़ी वितरण में संतोष कुमार चौबे, मनोज कुमार ठाकुर, देव प्रकाश, अधिवक्ता संजय कुमार, अरविंद कुमार, आकाश कुमार व अन्य ने सक्रिय भूमिका निभाई.











