
जमशेदपुर : नई उम्मीदों के साथ नए साल की शुरुआत हो गई है. कैलेंडर नववर्ष के मौके पर लौहनगरी जमशेदपुर में जश्न का माहौल है. एक ओर लोग जहां एक-दूसरे को नए साल की बधाई और शुभकामनाएं दे रहे हैं तो वहीं, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने जमशेदपुर सहित झारखंडवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दी. रविवार को नववर्ष के प्रथम दिन पूर्व सीएम रघुवर दास ने सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर में भगवान भास्कर, प्रभु श्रीराम, मां दुर्गा एवं वीर बजरंग बली की विधिवत पूजा-अर्चना कर सभी झारखंडवासियों के सुख-समृद्धि और संपन्नता की कामना की. इस दौरान मंदिर परिसर में पूर्व मुख्यमंत्री से मिलने भाजपा कार्यकर्ताओं व आमजनों का तांता लगा रहा. भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं पुस्तक भेंटकर नववर्ष की शुभकामनाएं व्यक्त की. वहीं, मंदिर परिसर में दर्शन हेतु आये सैकड़ों श्रद्धालु पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के संग तस्वीर को कैमरे में कैद करते दिखे. पूर्व मुख्यमंत्री ने सभी से मिलकर नववर्ष की शुभकामनाएं स्वीकार करते हुए लोगों से उनका हाल-चाल पूछा और उपस्थितजनों को नववर्ष की शुभकामनाएं दी. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने नववर्ष 2023 की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नूतन वर्ष में सभी झारखंडवासियों के परिवार में खुशहाली और समृद्धि आये. यह वर्ष सभी के लिए भगवान भास्कर की भांति चमकदार और रोशनी भरा हो. पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भाजपा कार्यकर्ताओं से अंत्योदय के मूल भावना को आत्मसात कर सेवा ही संगठन के मंत्र पर अग्रसर रहने का आह्वान किया. उन्होंने नूतन वर्ष में राष्ट्र की उन्नति और प्रगति की कामना की. इस अवसर पर हजारों आमजनों के साथ भाजपा जिला अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, कार्यकर्तागण समेत सामाजिक संगठन व कॉरपोरेट जगत से जुड़े लोग मौजूद थे.











