
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के वर्कर्स कॉलेज के पास डीजे बजाने को लेकर जमकर बवाल हुआ. वर्कर्स कॉलेज के पास रहने वाले मछुआरे नए साल का जश्न मना रहे थे. वह डीजे बजा रहे थे. तभी उनसे किसी युवक की कहासुनी हो गई. इस पर 15 से 20 बाहरी युवकों ने मछुआरों के साथ मारपीट शुरू कर दी. घटना की जानकारी मिलने पर पास में ही रहने वाले समाजसेवी विजय ओझा मौके पर पहुंचे. उन्होंने मामले में बीच-बचाव कर मामला शांत कराया और बाहरी लड़कों को वहां से भगा दिया. इसके बाद विजय ओझा अपने घर चले गए. (नीचे भी पढ़ें और देखें वीडियो)
तभी थोड़ी देर बाद 20-25 युवकों ने विजय ओझा के घर पर धावा बोल दिया और गाली गलौज करने लगे. जैसे ही विजय ओझा ने दरवाजा खोला, उनका कालर पकड़कर घसीटा और मारपीट शुरू कर दी. मारपीट होता देख मछुआरे भी वहां पहुंच गए. इसके बाद बस्ती के लोगों ने दो हमलावरों को पकड़ लिया. इसमें से एक हमलावर निकल भागने में कामयाब रहा. एक हमलावर को लोगों ने मानगो थाने को सौंप दिया. विजय ओझा का इलाज एमजीएम अस्पताल में हुआ है. बस्तीवासियों का आरोप है कि मानगो पुलिस ने आरोपी को छोड़ दिया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. विजय ओझा ने रविवार को मानगो थाने में घटना में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने के लिए आवेदन दिया है.











